बलरामपुर। सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत नंदनगर, ठाठिया और धुसाह का शुक्रवार को डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय ने निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सचिव की उपस्थिति, सफाई व्यवस्था तथा ग्रामीणों को दी जाने वाली सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
डीपीआरओ ने निर्देश दिया कि पंचायत सचिव पंचायत भवन में नियमित रूप से बैठकर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित अन्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराएं। ग्रामीण स्तर की सेवाएं सचिव के समय पर उपस्थित रहने पर ही सुचारू रूप से संचालित हो पाती हैं, इसलिए अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सफाई कर्मियों की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी सफाई कर्मी समय पर उपस्थिति दर्ज करें और अपने कार्यक्षेत्र में स्वच्छता कार्य नियमित रूप से सुनिश्चित करें।
चेतावनी दी कि यदि पंचायत सचिव नियमित रूप से उपस्थित नहीं पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पंचायत भवनों को सक्रिय और जनसेवा के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।