बलरामपुर के जिला महिला अस्पताल में मरीजों से पूछताछ करते डीएम विपिन कुमार जैन ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार की सुबह जिला मेमोरियल व जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। एसएनसीयू वार्ड में गंदगी मिलने व अस्पताल के सामने अतिक्रमण होने पर नाराजगी जताई। सीएमओ को अतिक्रमण हटवाने व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी सुबह नौ बजे जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड में उपलब्ध संसाधनों, इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की क्रियाशीलता व दवाओं के स्टॉक का जायजा लिया। कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी व अव्यवस्था कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करने वाले चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पैथोलॉजी, लेबर रूम, महिला वार्ड, जनरल वार्ड, एक्सरे कक्ष व एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) का निरीक्षण किया।
डीएम ने मरीज व उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता, भोजन, चिकित्सकीय व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने स्थित भूमि पर अतिक्रमण होने पर नाराजगी जताई। सीएमओ को तत्काल अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। साथ ही इस भूमि पर नये भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत किया जा सके।
इसके बाद डीएम जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां पर एसएनसीयू वार्ड के पास गंदगी मिलने पर कड़ी फटकार लगाई। कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जाएगी। एसएनसीयू में फायर सेफ्टी के सभी मानक पूर्ण कराने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. पंकज वर्मा, डॉ. गिरधर चौहान व डॉ. प्रदीप कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।