बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित ''हर घर जल'' योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं ने निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं, जलापूर्ति तथा सोलराइजेशन की प्रगति की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाकर जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू कराई जाए। जिन योजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है अथवा अंतिम चरण में है, उन्हें तत्काल संचालित किया जाए। उन्होंने सभी पेयजल परियोजनाओं को सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि पंप, मोटर, जलाशय, पाइपलाइन, जलस्तर, जलदाब और विद्युत आपूर्ति की रियल टाइम निगरानी हो सके तथा तकनीकी खामियों का तत्काल समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जहां पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।