हरैया सतघरवा। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के 10 परिषदीय विद्यालयों में जर्जर भवन और अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की नीलामी कराई जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की तरफ से जारी सूचना के अनुसार नीलामी प्रक्रिया 25 अगस्त को दोपहर एक बजे से ब्लाक संसाधन केंद्र शिवपुरा में शुरू होगी। नीलामी के लिए संबंधित भवनों का मूल्यांकन करके आरक्षित मूल्य निर्धारित किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी शमशेर ने बताया कि कंपोजिट स्कूल गनेशपुर व इमिलिया, प्राथमिक विद्यालय अर्नहवा, उदईपुर मनोहरापुर, विशुनपुर बेलास, बलदेव नगर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय भदवार का मूल भवन ही जर्जर है। वहीं कंपोजिट स्कूल हाथीगर्दा में दो कक्षा कक्ष, प्राथमिक विद्यालय अर्नहवा में एक अतिरिक्त कक्ष व रसोईघर एवं प्राथमिक विद्यालय टिटहिरिया में एक अतिरिक्त कक्ष पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इन विद्यालयों के जर्जर भवन, अतिरिक्त कक्ष एवं रसोई घर को ध्वस्त करने के लिए नीलामी सूची में शामिल करते हुए भवनों का आरक्षित मूल्य 35 हजार रुपये से लेकर 93 हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है। कुछ भवनों के लिए ध्वस्तीकरण योग्य सामग्री का मूल्य भी अलग से दर्शाया गया है।
बीईओ ने बताया कि पहले की नीलामी प्रक्रिया में कई भवनों के लिए बोलीदाता उपलब्ध नहीं हुए थे। इसके बाद दोबारा नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक बोलीदाताओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार बोली में शामिल होना होगा। नीलामी समिति द्वारा भवनों की बोली प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। अधिकतम बोली लगाने वाले व्यक्ति को संबंधित जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की अनुमति मिलने के बाद निर्धारित अवधि में उसे गिराने की कार्रवाई पूरी करनी होगी। ध्वस्तीकरण के दौरान विद्यालय की किसी अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी जिम्मेदारी बोलीदाता की होगी।