फोटो-27-शिवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ।-फाइल फोटो
हरैया सतघरवा। तुलसीपुर-सिरसिया मार्ग पर विनुहनी गांव के पास मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक के भाई ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के लोनियनपुरवा मसहा कला निवासी 30 वर्षीय शिवेंद्र कुमार श्रीवास्तव मंगलवार को बलरामपुर के महिला थाना गए थे। मृतक के भाई गोकरन श्रीवास्तव ने बताया कि शिवेंद्र पत्नी के साथ चल रहे मुकदमे के सिलसिले में वह बलरामपुर आए थे। देर शाम बाइक से घर लौटते समय विनुहनी गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवेंद्र कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनका हेलमेट और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और करीब एक घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें बहराइच भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बोलेरो चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के भाई गोकरन श्रीवास्तव ने घटना में साजिश और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-27-शिवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ।-फाइल फोटो