बलरामपुर के परिषदीय विद्यालय में परीक्षा देते विद्यार्थी।-संवाद
बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा में बृहस्पतिवार को 1,92,072 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 4928 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। विज्ञान के प्रश्न कठिन होने से विद्यार्थियों को उत्तर लिखने में परेशानी हुई। वहीं नैतिक शिक्षा के प्रश्नों को आसानी से हल कर दिया।
जिले के 1815 परिषदीय और 11 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बृहस्पतिवार को पहली पाली में कक्षा तीन से पांच तक नैतिक शिक्षा एवं कार्यानुभव और कक्षा छह से आठ तक विज्ञान विषय की परीक्षा कराई गई। दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन विषय की परीक्षा हुई। कंपोजिट विद्यालय टेंगनवार, प्राथमिक विद्यालय महादेव अतरपरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय धामपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय संगीतपुर के विद्यार्थी अशोक, महफूज, आशिक अली, पुजारी व शिवदास आदि ने बताया कि विज्ञान के प्रश्न काफी कठिन थे, इसलिए उत्तर देने में परेशानी हुई।
नैतिक शिक्षा के प्रश्नों को आसानी से हल कर दिया। कंपोजिट विद्यालय कटकुंइया के प्रधानाध्यापक जयकेश वर्मा ने बताया कि यहां 331 के सापेक्ष 308 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 1,97,000 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,92,072 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4928 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।