बलरामपुर। दीपावली में पूजा-अर्चना के बाद मोहम्मदनगर ग्रिंट बाजार में गणेश-लक्ष्मी विसर्जन जुलूस गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। जुलूस में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालु भक्ति के सागर में डूब गए। गुलाल-अबीर उड़ाकर श्रद्धालुओं ने खुशी मनाई। सुंदर घाट कुआनो नदी पहुंचकर श्रद्धालुओं ने गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया। विसर्जन के बाद भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
मोहम्मदनगर ग्रिंट बाजार स्थित मंदिर से बुधवार को दीपावली पर्व में स्थापित गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। चंद्रदीप सिंह, देवीदीन, अवध नंदन त्रिपाठी, ग्राम प्रधान नौशाद, संतोष यादव, सूरज सोनकर, संतराम यादव, छोटे बाबू, प्रमोद व राघवेंद्र मौर्य आदि श्रद्धालुओं ने गणेश-लक्ष्मी की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
जुलूस में शामिल सभी श्रद्धालु धार्मिक गीतों पर जमकर थिरके। सुंदर घाट कुआनो नदी पर गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन किया गया। प्रतिमा विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं की तरफ से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद चखा।
शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जुलूस में पेहर चौकी प्रभारी राणा प्रताप सिंह, हमराही नीलेश, योगेश्वर यादव, चंद्रभान, विनोद वर्मा व अजीत कुशवाहा आदि सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।