तुलसीपुर। ग्राम ओड़ाझार में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से तीर्थ विकास परिषद कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। यह कार्यालय शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर से जुड़े विकास कार्यों के संचालन और समन्वय के उद्देश्य से स्थापित किया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत ने प्रस्ताव तैयार किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अफरोज अहमद ने बताया कि बैठक के बाद प्रस्ताव तैयार किया गया है। होली के बाद स्वीकृति केलिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बताया कि प्रस्तावित भवन में प्रशासनिक कक्ष, बैठक हॉल और तीर्थयात्रियों के लिए सूचना केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। देवीपाटन कॉरिडोर योजना के माध्यम से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इन व्यवस्थाओं का लक्ष्य तीर्थ क्षेत्र की समग्र व्यवस्थाओं को मजबूत करना है।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर व्यवस्थाएं
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अफरोज अहमद ने कहा कि यह परियोजना को देवीपाटन कॉरिडोर क्षेत्र के समग्र विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी सशक्त करेगी।