गैसड़ी (बलरामपुर)। राजकीय कृषि बीज भंडार में बीज लेने आए किसानों ने गोदाम प्रभारी पर आधार कार्ड फाड़ने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जिससे कई घंटे बीज वितरण रुका रहा। पुलिस ने किसानों की बात जिला कृषि अधिकारी से करवा कर उन्हें शांत करवाया। इसके बाद वितरण शुरू हुआ।
बीज भंडार पर मौजूद किसान प्रह्लाद सिंह, रंजीत, जगदीश, बजरंग व रक्षाराम आदि ने बताया कि दो दिन से राजकीय कृषि बीज भंडार पर चक्कर काटने के बाद भी बीज नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम प्रभारी कुलदीप सिंह ने कुछ किसानों के आधार कार्ड फाड़ दिए और कुछ के गायब कर दिए। किसानों ने अभद्रता का भी आरोप लगाया।धनीराम ,रक्षाराम, अकबर बेबी सिंह आदि ने आरोप लगाया कि सरकार ने सरसों एवं मसूर के बीज वितरित करने के लिए भेजा पर उसका वितरण नहीं किया जा रहा है। वहीं जिला कृषि अधिकारी आरपी राना ने बताया कि बीज भंडार पर ज्यादा भीड़ होने से कुछ किसानों के आधार खो गए थे। शिकायत की जांच की जा रही है। किसानों को परेशानी न हो, इसका प्रयास किया जा रहा है।