बलरामपुर। डीजे और साउंड सिस्टम के संचालन पर लगाए गए सामूहिक प्रतिबंध की समीक्षा की मांग को लेकर डीजे संचालक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी शिवनारायण को ज्ञापन सौंपा। संघ ने विद्यालय में बच्ची की दुर्भाग्यपूर्ण मौत की घटना पर संवेदना जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि किसी संचालक या आयोजक की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोगों के नियमों का उल्लंघन करने पर पूरे डीजे कारोबार पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं है। इससे संचालकों के साथ ही साउंड व लाइट ऑपरेटर, चालक, हेल्पर और तकनीशियन समेत इससे जुड़े बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में डीजे संचालन के लिए स्पष्ट ध्वनि सीमा और समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की गई। मौके पर ध्वनि स्तर मापक यंत्र से जांच कराने तथा विद्यालय, अस्पताल और शांत क्षेत्रों के लिए विशेष नियम बनाने का सुझाव दिया गया। विवाह, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में अनुमति की पारदर्शी व्यवस्था लागू करने के साथ आयोजक और संचालक की जिम्मेदारी तय करने का भी अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर राधेश्याम, बाबूलाल, संजय, सोनू, वेद प्रकाश, सुनील, तिलकराम, सुयश, रामसरन विराट, अजय, विपिन, सुभाष, जाकिर, कमलेश कुमार व प्रेम शंकर आदि मौजूद रहे।