फोटो-13-बलरामपुर के जिला महिला अस्पताल में बना एसएनसीयू वार्ड7- संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में शुक्रवार को हाई वोल्टेज के चलते छह ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर खराब हो गए। कॉन्संट्रेटर की खराबी से एसएनसीयू वार्ड में एक नवजात की मौत हो गई। जबकि सांस में परेशानी होने से परिजनों ने दो शिशुओं को एसएनसीयू वार्ड से निकालकर नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुक्रवार को दिन में करीब 10.30 बजे हाई वोल्टेज के चलते जिला महिला चिकित्सालय के सिक न्यूबार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में छह ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर खराब हो गए। बच्चों के ऑक्सीजन की आपूर्ति ठप हो गई। जब तक ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए सिलिंडर लगाया जाता, तब तक शिवपुरा ब्लॉक के ग्राम सतरहिया निवासिनी मन्ना की दो दिन की पुत्री की मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वार्मर पर रखे गए बच्चों की स्थिति खराब होने पर तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम मुजेहनी निवासिनी पुष्पा गुप्ता के तीन दिन के शिशु तथा सदर ब्लॉक के फुलवरिया बिराहिमपुर निवासिनी सुभासिनी के चार दिन के नवजात को परिजनों ने एसएनसीयू वार्ड से निकालकर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आनन-फानन में अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर हटाकर ऑक्सीजन सिलेंडर लगवाया गया। सभी वार्मर पर सिलेंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
कमजोर होने से हुई है नवजात की मौत
एसएनसीयू वार्ड में भर्ती नवजात की मौत ऑक्सीजन की आपूर्ति ठप होने से पहले ही हो गई थी। जिस नवजात की मौत हुई है वह काफी कमजोर थी। हालत गंभीर होने से उसे बाहर ले जाने के लिए परिजनों को सुझाव दिया गया था, लेकिन परिजन बाहर ले जाने को तैैयार नहीं हुए। अस्पताल में वोल्टेज कम और अधिक होने की शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है। एसएनसीयू वार्ड में इस तरह की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर भी उपलब्ध हैं।
डॉ. महेश वर्मा, प्रभारी एसएनसीयू जिला महिला अस्पताल बलरामपुर