ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के इलाईचीनगर गांव में 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध हालत में दुपट्टे के सहारे आम के पेड़ से लटकता हुआ पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की छानबीन की जा रही है।
इलाईचीनगर निवासी कृपाराम विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी बेटी रीना (17) शनिवार रात खा पीकर अपने छोटे भाई व बहन के साथ सोई थी। रात करीब 9 बजे वह घर से बाहर गई और काफी देर तक नहीं लौटी। परिवारीजनों ने रीना की खोजबीन शुरु कर दी।
रविवार सुबह रीना गांव के निकट स्थित कब्रिस्तान में लगे आम के पेड़ से फंदे से लटकते हुए देखी गई। मृतका का शव उसके खुद के दुपट्टे से लटक रहा था। रीना ने खुदकुशी की है या उसके साथ कोई अनहोनी हुई है यह सवाल अभी तक अनसुलझा है। पिता की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार राय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का खुलासा हो जाएगा। मामले की छानबीन की जा रही है।