बलरामपुर। तुलसीपुर विकासखंड के महदेइया रामपुर गांव में तैनात सफाईकर्मी का शव बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है।
तुलसीपुर के ग्राम शेखडीह निवासी अबू मोहम्मद ने बताया कि उसका भाई इफ्तिखार हुसैन आब्दी (42) तुलसीपुर ब्लॉक के महदेइया रामपुर गांव में सफाईकर्मी पद पर तैनात था। मंगलवार सुबह वह ड्यूटी पर गया था। मंगलवार दोपहर तीन बजे उसे तुलसीपुर चौराहे पर देखा गया था।
शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन तलाश में जुट गए। रात करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि इफ्तिखार का शव शिवानगर गांव के पास सड़क किनारे पड़ा है।
परिजनों ने वहां पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इफ्तिखार के परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तुलसीपुर ब्लॉक के सफाईकर्मी संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इफ्तिखार संगठन के जिला महामंत्री थे। दुख की इस घड़ी में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कहा कि परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।