फोटो-19-बलरामपुर के जरवा में जलाशय के पास घूमते बच्चे ।-संवाद
जरवा। चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड के भगवानपुर जलाशय में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। सोमवार को दोपहर करीब 12:15 बजे से दो बजे तक मगरमच्छ जलाशय के पानी में इधर-उधर घूमता नजर आया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, तीन दिन के भीतर दूसरी बार मगरमच्छ दिखाई दिया है। इससे भगवानपुर, जीवडीह, जनकपुर और डिहवा गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। जीवडीह, बसंतपुर और जनकपुर निवासी मोहम्मद उमर, सिराज, निसार, शबरोज, जमुना और अशरफ ने बताया कि रविवार को वे जलाशय घूमने आए थे। इस दौरान पानी में करीब 10 फीट लंबी लकड़ी की नाव जैसी आकृति दिखाई दी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह मगरमच्छ था। लोगों के नजदीक पहुंचते ही वह पानी में चला गया। इसके बाद उन्होंने फोन से अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।
सोमवार को सुहेलवा जंगल, भारत-नेपाल सीमा और भगवानपुर जलाशय घूमने आए बलरामपुर के छात्र सोमेश, रवि, इरशाद और जगदीश को भी मगरमच्छ की मौजूदगी की जानकारी मिली।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पहले जलाशय में मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर जागरूकता बोर्ड लगाया गया था, जो अब फट गया है। सहायक अभियंता बृजेश यादव ने बताया कि जेई संतोष कुमार को मौके पर भेजकर बोर्ड की जांच कराई जाएगी और नया बोर्ड लगवाया जाएगा।
तुलसीपुर रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि मगरमच्छ को जलाशय में प्राकृतिक आवास मिल गया है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों और पर्यटकों से जलाशय के पानी के पास नहीं जाने तथा सतर्कता बरतने की अपील की।