दरोगा व सिपाही पर जमीन कब्जा कराने का आरोप
-पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बलरामपुर। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के सोनहटी गनेशपुर निवासी रामराज ने स्थानीय थाने के दरोगा व सिपाही पर जबरन जमीन कब्जा कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में रामराज ने कहा है कि गनेशपुर बाजार में उसकी जमीन है। जमीन में नींव भरी है और उसने अपनी लकड़ी आदि भी वहीं रखा है। पीड़ित ने बताया कि गत 13 जुलाई को विपक्षियों से सांठ-गांठ कर पचपेड़वा थाने में तैनात एक दरोगा व सिपाई मौके पर पहुंचे तथा जमीन कब्जा कराने की कोशिश की। पीड़ित ने जब बताया कि उसका जमीन का न्यायालय में केस चल रहा है और कागज आदि भी दिखाया तो दरोगा ने कहा कि हम लोग डीएम के आदेश पर जमीन खाली कराने आए हैं। पीड़ित ने विरोध किया तो दरोगा व सिपाही ने उसकी पिटाई कर दी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।