एलईडी टीवी के लिए पत्नी का गला काटा
दहेज के लिए लगातार कर रहा था प्रताड़ित
-मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ दहेज हत्या का केस
-तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
तुलसीपुर (बलरामपुर)। देहज में एलईडी टीवी, सोने की चेन व अंगूठी न मिलने से नाराज युवक ने पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। ससुराल के अन्य सदस्यों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गनवरिया निवासी रमेश चन्द्र चौरसिया ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सरोज (24) की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व परसपुर करौंदा निवासी मनोज चौसिया के साथ की थी। शादी के बाद से ही मनोज तथा उसके परिजन दहेज में एलईडी टीवी, तीन तोला सोने की चेन तथा दो तोला की अंगूठी मांग रहे थे। दहेज न मिलने पर परिवारीजन तथा मनोज मेरी बेटी को मारते पीटते थे। कई बार इस मामले में पंचायत के आधार पर समझाने-बुझाने की कोशिश की गई थी। करीब दो वर्ष पूर्व मनोज अपनी पत्नी को लेकर रमवापुर गांव में खाली पड़े रिश्तेदार के मकान में रहने लगा था। अलग होने के बाद भी ससुरालीजन रमवापुर आकर मृतका को मारते-पीटते थे तथा दहेज मांगने के लिए मनोज को उकसाते थे। गत सात जुलाई को भी मनोज व उसके परिवारीजनों ने मनोज के साथ दहेज के लिए मारपीट की थी। रमेश चन्द्र का आरोप है कि दहेज के लिए ही रविवार को मनोज ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और शव घर में छोड़कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर एसके त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति मनोज चौरसिया के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मनोज फरार है। मनोज के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।