शिकायत की जांच करने पहुंचे सिपाहियों से मारपीट
उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय नगर में विवादित जमीन पर मिट्टी पाटने को लेकर शनिवार सुबह हुए जानलेवा हमले की जांच करने पहुंचे सिपाहियों के साथ आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। अफरातफरी मचने पर सिपाही मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज गिरफ्तार कर लिया है।
विदित हो उतरौला नगर के मोहल्ला सुभाष नगर में अतुल गुप्ता व अख्तर के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। शनिवार सुबह अतुल विवादित जमीन पर मिट्टी पाट रहे थे। अख्तर का आरोप है कि उन्होंने जब मना किया तो अतुल व उनके दोस्त डबलू निवासी मोहल्ला रफीनगर ने मिट्टी पाटने से मना करने पर मारपीट की तथा तमंचे से फायर किया।
फायर मिस होने के चलते अख्तर की जान बच गई। अख्तर भागकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। सिपाही सूरज सिंह, शैलेंद्र वर्मा और करमचंद यादव शिकायत की जांच करने मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी सिपाहियों से भिड़ गए।
आरोपियों ने सिपाहियों से मारपीट शुरू कर दी तो अफरातफरी मच गई। सिपाही मौके से भागकर कोतवाली आए और मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही सूरज सिंह की तहरीर पर अतुल व डब्लू के खिलाफ मारपीट व सरकारी काम में बाधा तथा अख्तर की तहरीर पर इन्हीं दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। विदित हो कि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के तेवर को देखकर आरोपी के परिवारीजन घर छोड़कर भाग गए। अतुल के घर से भारी मात्रा में रसोई गैस सिलेंडर तथा बिना नंबर की एक मारुति वैन बरामद हुई है। हालांकि पुलिस इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।