आग में जिंदा जली दो वर्षीय मासूम, मौत
महराजगंज तराई-बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बदलपुर के मजरा उदईपुर में अज्ञात कारणों से लगी आग में दो वर्षीय मासूम जिंदा जल गई। अज्ञात कारणों से लगी आग में एक परिवार की घर-गृहस्थी जलकर खाक हो गई है।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल व पुलिस ने शव को पंचनाम कर परिजनों को शव सौंप दिया गया है तथा क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई है।
बदलपुर के मजरा उदईपुर निवासी मोहम्मद नईम ने बुधवार को बताया कि बीती शाम अज्ञात कारणों से उसके घर में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान उनकी दो वर्षीय पुत्री गुलनाज घर के अंदर खेल रही थी।
आग की लपटों में फंस जाने के चलते गुलनाज गंभीर रुप से झुलस गई। घटना में गुलनाज की मौत मौके पर ही हो गई। घटना के दौरान घर पर परिवार का अन्य कोई भी सदस्य मौजूद नहीं थी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
राजस्व निरीक्षक प्रहलाद सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल व पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। पुलिस घटना के कारणों की छानबीन कर रही है।