बलरामपुर। मतगणना के दौरान हुए बवाल पर पुलिस ने भाजपाइयों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उधर भाजपाई भी पुलिस ने खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई का दबाव बना रहे है। लाठीचार्ज में घायलों के परिजन भी नगर कोतवाली में तहरीर दिए है हालांकि उनकी तहरीर पर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपाइयों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
विदित हो कि श्रावस्ती संसदीय क्षेत्र की काउंटिंग के दौरान गत गुरुवार शाम मतगणना स्थल मंडी समिति भगवतीगंज में बवाल हो गया था। पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। घटना में श्रावस्ती जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई भाजपा समर्थक घायल हो गए। इस मामले में शुक्रवार को एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जरवा कोतवाल विनय सरोज की तहरीर पर नगर कोतवाली में 60-70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तहरीर में कहा गया है कि रात करीब 8.10 बजे 60-70 लोग मतगणना स्थल में वैरिकेटिंग तोड़कर जबरन घुसने का प्रयास कर रहे थे। इन लोगों की मंशा ईवीएम क्षतिग्रस्त करने की थी। इन्हें पुलिस ने रोका तो यह लोग हाथापाई करने लगे। पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तो यह लोग दीवार फांदकर भागने लगे इसी के चलते उन्हें चोट भी लगी है। यह लोग पुलिस की वर्दी उतरवाने व नौकरी छीनने की धमकी भी दे रहे थे। नगर कोतवाल रामाश्रय राय ने बताया कि 60-70 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरु कर दी गई है।
पुनीत मिश्रा ने भी दी तहरीर
बलरामपुर नगर निवासी वकील पुनीत मिश्र ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि मतगणना के दौरान पुनर्मतगणना के लिए प्रार्थना पत्र देने की बातचीत हो रही थी कि इसी बीच एसपी के इशारे पर पुलिस ने भाजपा मतगणना अभिकर्ताओं को परिसर से बाहर खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज कर दिया। घटना में पुनीत मिश्र, संदीप मिश्रा, राजेश्वर मिश्र, मनीष मिश्र व अंजनी कुमार मिश्र समेत कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों का पैर टूट गया है। पीड़ित ने एसपी व उनके अधीनस्थ कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाल नगर रामाश्रय राय ने बताया कि जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने मतगणना स्थल पर गठबंधन प्रत्याशी के समर्थकों पर बवाल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने किनारे खड़े भाजपा समर्थकों को बेवजह पीटा है। घटना निंदनीय है इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत
मतगणना स्थल पर पुलिस ने गठबंधन प्रत्याशी के अनाधिकृत लोगों को प्रवेश दिया। जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह का कहना है कि भाजपा के नेताओं व मतगणना कार्यकर्ताओं ने जब प्रशासन से अनाधिकृत लोगों की शिकायत की तो पुलिस ने विद्वेष भावना से भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर दिया। घटना में श्रावस्ती भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडेय तथा बलरामपुर भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह पिंकू समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। शीघ्र ही दोषी पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।