फोटो-13-बलरामपुर के छोटा परेड ग्राउंड में खुशी का इजहार करते विजेता टीम के खिलाड़ी।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। छोटा परेड ग्राउंड पर चल रहे स्वर्गीय आजाद सिंह मेमोरियल प्राइजमनी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच जीतकर सिविल लाइन क्रिकेट क्लब की टीम ने टूर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया। सिविल लाइन क्लब खिलाड़ी रजत सिंह को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।
स्वर्गीय आजाद सिंह मेमोरियल प्राइजमनी क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच सिविल लाइन क्लब एवं फाइट क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीत कर सिविल लाइन क्लब की टीम ने फाइट क्रिकेट क्लब को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फाइट क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 13 ओवर में 79 रन बना कर आल आउट हो गई। 80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिविल लाइन क्लब की टीम ने रजत सिंह के 25 रनों की बदौलत 12 ओवरों में 81 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच में 3 विकेट लेने और 25 रन बनाने पर रजत सिंह को मैन आफ द मैच तथा टूर्नामेंट में गेंद व बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए मैन आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि एवं तुलसीपुर चीनी मिल के जीएम प्रशासन आशीष प्रताप सिंह ने विजेता टीम को 15 हजार रुपये तथा समाजसेवी धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने उपविजेता टीम को 7500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। टूर्नामेंट के आयोजन में आशीष सिंह बंटी, अनन्य गौरव मिश्रा, कृष्ण कुमार गिहार, अखंड प्रताप सिंह, शेखर सिंह एवं मुकेश चौहान आदि का सराहनीय योगदान रहा।