बलरामपुर। नगर क्षेत्र के नामित सभासद जयंत सिंह के साथ अंबेडकर तिराहे पर पिटाई, धमकी और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुलसी पार्क निवासी नामित सभासद जयंत सिंह ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब आठ बजे अपनी स्कूटी से पानी की बोतलें लेकर कारोबार के सिलसिले में जा रहे थे। अंबेडकर तिराहे पर एक युवक ने उनकी स्कूटी रोक ली और दबंगई दिखाने लगा। विरोध करने पर युवक ने अपने पांच अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सभासद का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक युवक ने उनकी कमर में तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनकी सोने की चेन और 750 रुपये भी छीन लिए। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली में शमशेर रजा, मनी, राना, साहिल रिजवी समेत दो अज्ञात युवकों पर रिपोर्ट दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।