-बलरामपुर में एसीएमओ को ज्ञापन सौंपते संविदाकर्मी।-स्रोत: संगठन
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले बुधवार को कर्मचारियों ने वार्षिक वेतन वृद्धि को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए एसीएमओ डॉ. एके चौधरी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी तीन से पांच अप्रैल तक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। साथ ही दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक सीएमओ कार्यालय में बैठकर शांतिपूर्ण धरना देंगे।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अविनाश विक्रम सिंह, डॉ. मोहित, डॉ. सिद्धार्थ, गणेश चौरसिया, अभिषेक तिवारी व मंडल महामंत्री सूर्यमणि त्रिपाठी आदि ने बताया कि संविदा कर्मचारियों का अधिकारी शोषण कर रहे हैं। हम लोगों काें पांच प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपनी गलती की सजा कर्मचारियों को देते हैं। तीन संविदा कर्मचारी बीसीपीएम जय प्रकाश पांडेय, बीपीएम शैलेंद्र यादव व पवन कुमार श्रीवास्तव को मनमाने ढंग से सेवा से निकाल दिया गया, जो संविदा कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
संघ के पदाधिकारियों ने वेतन वृद्धि का लाभ दिलाए जाने व तीनों संविदा कर्मचारियों को पुन: सेवा में लिए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि तीन से पांच अप्रैल में कर्मचारी अस्पताल में ओपीडी के समय काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। इसके बाद दोपहर दो से चार बजे तक सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल व ब्लॉकों पर कर्मचारी शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करेंगे। यदि हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो सात अप्रैल को सीएमओ कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।