सादुल्लाहनगर। बिजली विभाग में संविदा कर्मचारियों की तैनाती को लेकर सूचना के अधिकार (आरटीआई) से हुए खुलासे ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरटीआई से प्राप्त अभिलेखों के अनुसार 33/11 केवी अचलपुर चौधरी विद्युत उपकेंद्र पर कई संविदाकर्मी पिछले पांच से 11 वर्षों से लगातार कार्यरत हैं। एक ही स्थान पर वर्षों तक तैनाती की जानकारी सामने आने के बाद विभाग की स्थानांतरण नीति, निगरानी व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दस्तावेज के मुताबिक राम प्रताप उर्फ भकल्ली, संदीप कुमार सिंह, गिरीश सिंह, विनोद कुमार, राम मोहन, तुलसी राम वर्मा, रंजन कुमार वर्मा और राजू करीब 11 वर्षों से उसी उपकेंद्र पर कार्यरत हैं। वहीं अजय बहादुर और मोहम्मद आजाद लगभग 10 वर्ष, वीरेंद्र कुमार सिंह सात वर्ष तथा अनूप कुमार मौर्य पांच वर्षों से वहीं तैनात बताए गए हैं। बिजली विभाग में संविदा कर्मियों के किसी एक स्थान पर लंबे समय तक प्रभाव कायम होने की संभावना को कम करना माना जाता है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड अजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।