बलरामपुर के चमरूपुर जाने वाली सड़क कराया गया निर्माण।-संवाद
महदेइया बाजार (बलरामपुर)। अमर उजाला के अंक में 07 दिसंबर 2024 को ''जर्जर सड़क से बढ़ी गन्ना किसानों की मुश्किल'' शीर्षक से प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर में चमरूपुर, गालिबपुर और कपौवा शेरपुर की जर्जर सड़कों से परेशान किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद सदर विधायक पल्टूराम ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। बजट मिलने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
चमरूपुर बाजार संपर्क मार्ग (लंबाई 2.5 किमी) के लिए 126.04 लाख रुपये, कपौवा शेरपुर मार्ग से बरगदवा संपर्क मार्ग (लंबाई 2 किमी) के लिए 50.16 लाख और बरगदवा से निरंजनपुर संपर्क मार्ग (लंबाई 2 किमी) के लिए 49.74 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। किसान हरिहर प्रसाद ने कहा कि अमर उजाला ने किसानों की आवाज उठाई, जिसके बाद सदर विधायक ने खबर का संज्ञान लिया और समस्या का निराकरण कराया। सड़क बनने से अब गन्ना ढुलाई में आसानी होगी। डॉ. आजम खान ने कहा कि जर्जर सड़क से आवागमन में परेशानी होती थी, सड़क का निर्माण पूरा हो जाने से काफी राहत मिलेगी। वहीं, सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि बजट मिलने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने का निर्देश दिया गया है।