बलरामपुर में पूजा अर्चना कर सड़क चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ कराते विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व अन्य
ललिया। लंबे इंतजार के बाद कोड़री-मथुरा-चौधरीडीह मार्ग के चौड़ीकरण और मरम्मत का काम शुक्रवार को शुरू हो गया। तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र और प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कुमार शैलेंद्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत करवाई।
करीब 16 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 46 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, जो क्षेत्र में अब तक के महत्वपूर्ण विकास कार्यों में से एक माना जा रहा है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के गांवों में आवागमन आसान होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी। विधायक ने कहा कि यह सड़क केवल यातायात का मार्ग नहीं बल्कि आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक प्रगति की रीढ़ साबित होगी।
उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण से किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। सरकार ग्रामीण इलाकों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। निर्माण की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार विकास को राजनीति से ऊपर रखकर काम कर रही है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।