बलरामपुर के वीर विनय चौराहे पर लोगों को मिठाई खिलाते कांग्रेसी।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। झारखंड विधानसभा चुनाव में गठबंधन की जीत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जमकर जश्न मनाया। वीर विनय चौराहे पर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई भी दी।
वीर विनय चौराहे पर खुशियां मनाते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों का परिणाम सामने है। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनावों में लगातार हार रही है। जनता विकास भाजपा की एनआरसी, सीएए एवं तीन तलाक जैसे मुद्दों को नकार कर देश के विकास के लिए वोट कर रही है।
झारखंड के चुनाव में गठबंधन की जीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को भी नकार दिया है। प्रदेश कांग्रेस सचिव व पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि भाजपा का घमंड टूटने लगा है। महाराष्ट्र व झारखंड की तरह अन्य प्रदेशों के चुनाव में भी भाजपा की हार निश्चित है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए अब हम लोग जीजान से जुटेंगे।
पूर्व विधायक अशफाक अहमद ने कहा कि झारखंड की हार भारतीय जनता पार्टी की सरकार को करारा तमाचा है। ेेेपीसीसी डॉ. पंकज गुप्ता व कांग्रेस जिला महासचिव विनय कुमार मिश्र व अन्य पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं एवं चौराहे पर मौजूद आमजन को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।