बलरामपुर। वीर विनय चौराहे पर शनिवार को कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सोनभद्र जिले में बीते दिनों किसानों पर हुए गोलीकांड घटना की कड़ी निंदा की गई। घटना में पीड़ित किसानों से कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वॉड्रा को न मिलने देने से कांग्रेसियों में भारी आक्रोश है। नगर कोतवाली में पहुंचकर नाराज कांग्रेसियों ने सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश में गुंडाराज व बदहाल कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अवधेश पाल सिंह, विनय कुमार मिश्र, हारिश बिन खालिद, अख्तर हुसैन, रामसूरत यादव, शाहिद हसन, डॉ. राकेश त्रिपाठी, रेहान खान, हफीजउल्ला सिद्दीकी, मास्टर हनीफ, अमृका प्रसाद कुरील, मोहित मिश्र, धीरज मोदनवाल, शिव कुमार, मोहम्मद जमील, मोहम्मद समीर, पूर्व विधायक अशफाक अहमद खान, विष्णु कुमार अग्रवाल, डॉ. पंकज गुप्ता व इसराइल गांधी आदि पदाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेसियों ने शनिवार को वीर विनय चौराहा पहुंचकर चक्काजाम कर दिया।
जिलाध्यक्ष ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडाराज कायम हो गया है। सोनभद्र जिले में किसानों की दिनदहाड़े हत्या गुंडाराज की मिसाल है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो गई है। सोनभ्रद जिले में पीड़ित परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को रोक दिया गया। प्रदेश सरकार अपनी काली करतूतों को छिपाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की वर्तमान सरकार के खिलाफ कांग्रेसी अब आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। धरना स्थल पर मौजूद पुलिस ने चक्का जाम खुलवाया। वीर विनय चौराहे से कांग्रेसियों का भारी हूजूम नगर कोतवाली में पहुंचकर जेल भरो आंदोलन में जुट गया। मौके पर मौजूद सीओ सिटी कर्मवीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय को डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर विरोध जाया गया।