-बलरामपुर के उतरौला में गैस सिलिंडर लेते उपभोक्ता ।-संवाद
बलरामपुर। जिले में कॉमर्शियल सिलिंडर मंगलवार को वितरित न होने से खानपान सामग्री से जुड़े दुकानदार, होटल व रेस्टोरेंट संचालक परेशान रहे। गैस एजेंसियों से भी केवल बुकिंग कराने वालों को ही घरेलू सिलिंडर मिल सका। उतरौला में पांच मार्च तक जिन लोगों ने बुकिंग कराई थी, उन्हें सिलिंडर आपूर्ति करने के साथ ही अन्य से अभी धैर्य रखने की अपील की गई है। वहीं नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सिलिंडर वितरण पर कड़ी नजर रखी जा रही है। तस्करी की आशंका में एसएसबी और पुलिस सीमा पर खास तौर से सतर्कता बरती जा रही है।
खाड़ी देशों में छिड़े युद्ध से घरेलू एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। सबसे ज्यादा परेशानी होटल व रेस्टोरेंट संचालकों के साथ ही कैटरिंग सर्विस से जुड़े कारोबारियों को उठाना पड़ रही है। जिले की 42 गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी में वितरण व बुकिंग की व्यवस्था की गई है।
कैटरिंग कारोबार से जुड़े दिनेश ने बताया कि अभी कोई दिक्कत तो नहीं है, पहले का बैकअप है लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर का वितरण बंद होने से आने वाले समय में दिक्कत आएगी। रेस्टोरेंट व्यवसायी राजेंद्र ने बताया कि आपूर्ति जल्द शुरू न होने पर घरेलू सिलिंडर की मांग बढ़ेगी। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि पूर्ति निरीक्षकों से रिपोर्ट ली जा रही है। अभी वितरण में कहीं कोई दिक्कत नहीं है। फिलहाल सिलिंडर की तस्करी या कालाबाजारी की शिकायतों से भी प्रशासन ने इन्कार किया है।
एजेंसियों पर बुकिंग परची कटवाने की होड़
उतरौला/महराजगंज। घरेलू गैस की किल्लत को लेकर मंगलवार को गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य उपभोक्ता परची कटाने व सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों व गोदाम के बाहर लाइन में खड़े दिखे। कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने के कारण शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में भी चोरी छिपे घरेलू एलपीजी सिलिंडरों का इस्तेमाल होने से इनकी मांग भी अचानक बढ़ गई है। सुभाषनगर निवासी मसूदा ने बताया कि वह रोजे से हैं और सुबह सात बजे से परची कटवाने के लिए लाइन में लगी हैं, लेकिन दो घंटे बाद भी उनकी परची नहीं कट पाई। होटल संचालक प्रहलाद यादव व नान गुप्ता ने बताया कि गैस की कमी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
छुट्टियों में लोड न आने से बढ़ी दिक्कत
गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। होली की छुट्टियों और लोड न आने के कारण कुछ परेशानी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गैस सिलिंडर की कालाबाजारी करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभय सिंह, उपजिलाधिकारी उतरौला