बलरामपुर। तुलसीपुर स्थित देवीपाटन धाम के राजकीय मेले में 40 रोडवेज बसों को चलाने की तैयारी की जा रही है। चैत्र नवरात्र में 19 मार्च से देवीपाटन मंदिर में एक महीने के लिए राजकीय मेले का शुभारंभ होगा। मेले में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों सहित नेपाल से हजारों की श्रद्धालु दर्शन करने आएंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन की सुविधा देने के लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है। बसों के संचालन के लिए तुलसीपुर शहर में अस्थायी बस अड्डा भी बनाया जाएगा।
चैत्र नवरात्र के दौरान शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी। मेले के दौरान बलरामपुर डिपो ने 40 बसों को तुलसीपुर से चलाने की तैयारी की है। बलरामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि जिले के साथ बस्ती, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, बहराइच, बलिया, गोंडा, रुपईडीहा, अयोध्या व बाराबंकी के एआरएम को रोडवेज बसें चलाने के लिए पत्र लिखा गया है।
अस्थायी बस अड्डा के बेहतर संचालन के लिए तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। दो-दो कर्मचारियों 24 घंटे पूछताछ केंद्र पर मौजूद रहेंगे।
दो स्थानों पर बनेगा पूछताछ केंद्र
वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो स्थानों पर पूछताछ केंद्र बनाया जाएगा। एक देवीपाटन मंदिर परिसर में व दूसरा अस्थायी बस अड्डा के पास पूछताछ केंद्र का स्टॉल लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बसों के आवागमन की जानकारी मिल सके।