बलरामपुर। विकास भवन में प्रतिदिन आने वाले फरियादियों को अब बैठकर सुस्ताने के लिए हरियाली युक्त माहौल मिलेगा। इसके लिए परिसर स्थित स्वच्छता वाटिका एवं नव वाटिका का सौंदर्यीकरण होगा। वाटिका में पौधरोपण के साथ-साथ सजावटी घास को लगवाया जाएगा। इसके अलावा वाटिका में बेंच की व्यवस्था भी होगी, जहां फरियादी बैठकर ठंडी हवा का आनंद ले सकेंगे।
जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी व परियोजना निदेशक राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि विकास भवन में हर दिन काफी संख्या में फरियादी आते हैं। इसके अलावा विकास कार्यों की बैठक व जन कल्याणकारियों योजनाओं के कार्यक्रमों में भी जिले के दूर दूराज से लाभार्थी पहुंचते हैं। इन लोगों की सुविधा के लिए विकास भवन परिसर में दो वाटिकाएं बनाई गई हैं। वाटिका जीर्ण-शीर्ण होने के कारण फरियादी वहां नहीं बैठते। इन दोनों वाटिकाओं का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। बताया कि सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना बनकर तैयार हो गई है। शीघ्र ही इससे जुड़े कार्य शुरू कराए जाएंगे।
विकास भवन आने वाले फरियादियों का किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका ख्याल रखा जाता है। हेल्प डेस्क के साथ-साथ बैठने के लिए पर्याप्त बेंच के साथ अब वाटिकाओं के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।
हिमांशु गुप्ता, सीडीओ