बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में संचालित ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता परखने के लिए बृहस्पतिवार को मॉकड्रिल की गई। इसमें ऑक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता के साथ क्रियाशील मिले।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी की निगरानी में हुई मॉकड्रिल के बाद सीएमओ ने बताया कि कोरोना काल में मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में इन प्लांट को स्थापित किया गया था। बताया कि ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता की मॉनिटरिंग शासन स्तर से की जा रही है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में वर्तमान में दो ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हैं। दोनों ही पूरी तरह क्रियाशील हैं। ड्रिल के दौरान अस्पताल के गुणवत्ता प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय, डॉ. राज कुमार, एसएमओ डब्लूएचओ डॉ. सिंथु व डॉ. श्यामजी श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।