बलरामपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी भगवान गणेश के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी। दस दिनों तक चले गणेश महोत्सव का समापन शुक्रवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक परंपराओं के बीच हुआ। उतरौला, तुलसीपुर, पिपरहवा चौराहा, जरवा और पेहरबाजार क्षेत्र में निकली शोभायात्राओं में बारिश के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
उतरौला नगर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राप्ती नदी के कटरा घाट पर कराया गया। शोभायात्रा में शामिल हाथी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु बारिश के बीच भक्ति गीतों पर झूमते हुए आगे बढ़े। घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम पूजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एसडीएम योगेंद्र शरण शाह, सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार, कोतवाल अवधेश राज सिंह, तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप समेत पुलिस और पीएसी के जवान पूरी यात्रा के दौरान तैनात रहे।
पेहरबाजार में भारी बारिश के बावजूद ग्रामसभा घोड़चढ़ी स्थित समय माता मंदिर से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। जयघोष के बीच श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ अबीर-गुलाल उड़ाते हुए छपिया बाजार होते हुए सुंदरघाट नदी की ओर रवाना हुए। विसर्जन यात्रा में शंभू वर्मा, सोनू मौर्य, बलिराम वर्मा, लोकपति पांडेय, सुभाष वर्मा, अमरनाथ वर्मा, संदीप मौर्य समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल रहे।
पिपरहवा चौराहा क्षेत्र के मदरहवा गांव में प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा रतनपुर गांव का भ्रमण करते हुए सीरिया नदी तट पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे मार्ग में जयकारे लगाते रहे।
जरवा क्षेत्र के पिपरा दुर्गानगर और प्रतापपुर गांव में श्रद्धालुओं ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरती। धार्मिक मान्यता के अनुसार प्रतिमा खंडित न हो, इसलिए उसे पूरी तरह कपड़े से ढककर बुडवा नाले तक ले जाया गया। वहां पहले से संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विधि-विधान से प्रतिमा विसर्जित की गई।
फोटो-17- उतरौला के कुआनों नदी के सुंदरघाट पर श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु। संवा
फोटो-17- उतरौला के कुआनों नदी के सुंदरघाट पर श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जन करने जाते श्रद्धालु। संवा