बलरामपुर। जिला पंचायत सभागार में सोमवार को युवा कल्याण विभाग की तरफ से जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का एक दिवसीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 9 ब्लॉकों से आए कलाकारों ने अपने-अपने क्षेत्र में कला की प्रस्तुति कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सदर विधायक प्रतिनिधि बृजेंद्र तिवारी, युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, जिला क्रीड़ाधिकारी अमित चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ कराया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों की तरफ से लोकगीत, वाद्य वादन, तबला वादन, बांसुरीवादन, लोकनृत्य, हारमोनियम, एकांकी, सितारवादन, कथक नृत्य, गिटार वादन केे बीच प्रतियोगिता कराई गई। पचपेड़वा ब्लॉक के थारु जनजाति के बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने आए हुए कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। लोकगीत में अमन, निशा ने रेलिया बैरन पिया को लिए जाए रे... गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
सरोजनी पांडेय ने राजस्थानी लोकनृत्य, ऋषभ संगीत विद्यालय की कौशतुव श्रीवास्तव ने गीत, राग बागेश्वरी ने हारमोनियम बजाकर लोगों का खूब मनोरंजन कराया। रामतीरथ कालेज इमिलिया बनघुसरा उतरौला की छात्रा अंकिता ने क्षेत्रीय लोकगीत प्रस्तुत किया। पुष्पा, नेहा व सुभांगी ने थारु नृत्यु प्रस्तुत किया। सुजीत आनंद ने राग भैरवी गायन प्रस्तुत किया। ऋषभ संगीत विद्यालय की संध्या गुप्ता ने संगीत प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल सुनीता श्रीवास्तव, रतनदीप श्रीवास्तव प्रबंधक ऋषभ संगीत विद्यालय ने भूमिका निभाई। सहायक आयुक्त वाणिज्य कर इम्तियाज सिद्दीकी ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन एमएलके महाविद्यालय की आर्या तिवारी ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राज कुमार श्रीवास्तव, सहायक रजा इमाम रिजवी, रामदेव तिवारी, ठाकुर प्रसाद पांडेय, अशोक कुमार तिवारी आदि का सराहनीय योगदान रहा।