बलरामपुर। खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए इस बार नई पहल हुई है। माध्यमिक के साथ ही परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को तैयार किया जाएगा। इस महीने सत्र शुरू होने के साथ ही विभिन्न स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारी शुरू हो गई है।
परिषदीय विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को अंडर 14 प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया जाएगा। इसके तहत विद्यालय स्तर पर तीरंदाजी, कराटे, शूटिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, फुटबॉल, कुश्ती, मलखंभ, कबड्डी, क्रिकेट, ताइक्वांडो, खो-खो व शतरंज आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जुलाई के तीसरे सप्ताह में न्याय पंचायत स्तर और चौथे सप्ताह में विकास खंड स्तर, अगस्त के पहले सप्ताह में जिला और दूसरे सप्ताह में मंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 30 अक्तूबर तक प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होना है।
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों को सभी स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा ताकि उनको राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयार किए जा सकेगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय भटवरिया के शिक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वह कबड्डी की टीम तैयार कर रहे हैं। रविवार को भी उन्होंने विद्यार्थियों को अभ्यास कराया।
दो खेलों में विद्यार्थियों को कराना है प्रतिभाग
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों के आधार कार्ड समेत सभी अन्य आवश्यक दस्तावेज भी तैयार कराकर उनको प्रतियोगिता में शामिल कराया जाएगा। बीएसए ने कहा कि कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को हर स्तर पर कम से कम दो खेलों में शामिल कराना है। जिला व मंडल स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए समिति का गठन होगा। वहीं टीमों का चयन करेंगी।