बलरामपुर के आदर्श कंपोजिट विद्यालय में भोजन बनाती रसोइयांं।-संवाद
बलरामपुर। कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर में शनिवार को जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता हुई। इसमें जिले के प्रत्येक ब्लॉक से तीन-तीन रसोइयों ने भाग लेकर पाक कला में हुनर दिखाया। प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर क्षेत्र की सीतापति को प्रथम, प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ तकिया उतरौला की मालती देवी को द्वितीय तथा गैसड़ी विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय माधवडीह की पूजा देवी को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता के बाद विजेता रसोइयों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीआईओएस मृदुल आनंद व बीएसए शुभम शुक्ला ने दीप प्रज्जवलित करके किया। विद्यालय की छात्रा सोनी, डोली व इकरा ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला समन्वयक एमडीएम फिरोज अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय में बनाए जा रहे मेन्यू के अनुसार भोजन के अंतर्गत रोटी, सब्जी, चावल एवं सलाद आदि स्वादिष्ट व्यंजन बनाए। निर्णायक मंडल मुख्य शेफ यूपीटी शमशेर चौधरी, बीईओ मुख्यालय रमेश चंद्र मौर्य, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की गृह विज्ञान प्रवक्ता प्रज्ञा, बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज गृह विज्ञान प्रवक्ता सुमन यादव, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मीनाक्षी चौधरी, प्रवक्ता डायट सपना वर्धन के साथ कस्तूरबा गांधी की 10 बालिकाओं ने मूल्यांकन किया।
मूल्यांकन के बाद प्रथम स्थान पर कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर क्षेत्र की सीतापति को 3500 रुपये तथा स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह द्वितीय स्थान पर प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ तकिया उतरौला की मालती देवी को 2500 रुपये तथा स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र एवं तृतीय स्थान पर गैसड़ी विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय माधवडीह की पूजा देवी को 1500 रुपये एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त समस्त प्रतिभागी रसोईया को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300 रुपये एवं आवागमन व्यय के लिए 300 रुपये एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राज्य संदर्भदाता महमूदुल हक ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापिका सलमा खान व मलिक मुनव्वर अली का सराहनीय योगदान रहा।