बलरामपुर। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गुरुवार को अभियान चलाया गया। एक पुलिस कर्मी सहित 55 लोगों का कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन में चालान काटा गया। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए गुरुवार को एसपी हेमंत कुटियाल ने स्वयं कमान संभाली।
एसपी ने अपनी निगरानी में नगर क्षेत्र में दावेदारों की तरफ से जगह-जगह लगाए गए बैनर, पोस्टर व झंडे उतरवाए। जिले के सभी कोतवाली व थानों के पुलिस कर्मियों को पंचायत चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन व कोरोना प्रोटोकाल तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर एसपी ने गुरुवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने के आरोप में प्रचार करने वाले वाहनों से बैनर, पोस्टर व झंडे हटवा। इसके साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में वाहनों पर बैनर, पोस्टर व झंडे लगे पाए जाएंगे तो संबंधित के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी ने बताया कि जिले में तेजी से कोरोना का प्रसार हो रहा है फिर भी लोग गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं।
कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने के आरोप में एक पुलिस कर्मी सहित 55 लोगों का चालान काटा गया है। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाल मानवेंद्र पाठक को नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिले के सभी 14 कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वह अपने क्षेत्र में आचार संहिता और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए नियमित अभियान चलाएं।
उतरौला नगर के आसाम रोड चौराहे पर गुरुवार को एसडीएम डॉ. नागेन्द्र नाथ यादव, सीओ आरआर सिंह व कोतवाल पंकज सिंह ने फोर्स के साथ चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों से बैनर, पोस्टर व झंडे हटवाए। इस दौरान लोगों को मास्क लगाने, सावधानी बरतने और कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने के लिए सख्त नसीहत भी दी गई है।