बलरामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। महात्मा गांधी व शास्त्री जी की जयंती पर जिलेभर में कार्यक्रमों की धूम रही। सरकारी व अर्द्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी व शास्त्री जी के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।
गांधी जयंती पर रविवार सुबह छह बजे एमपीपी इंटर कॉलेज से प्रभातफेरी निकाली गई। आंबेडकर तिराहा, मेजर चौराहा व पुरानी चौक होते हुए वीर विनय चौराहा पहुंचकर प्रभातफेरी समाप्त हुई। इसके बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में पैदल चाल प्रतियोगिता आयोजित की गई।
वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम न्यायिक ज्योति गौतम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष व स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए एडीएम ने कहा कि गांधी जी ने देश की आजादी के लिए सत्य एवं अहिंसा का मार्ग चुना। कठिन संघर्ष कर देश को आजादी दिलाई। गांधी जी ने विश्व शांति का संदेश देते हुए पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण आंदोलन की राह दिखाई।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा दिया। पाकिस्तान युद्ध के समय साहस का परिचय देने के साथ ही राशन के संकट से जूझ रहे देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया। एडीएम ने कहा कि दोनों विभूतियों के त्याग व बलिदान के कारण ही हम लोग आज यहां बैठे हैं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे बाबूराम पांडेय ने गांधी व शास्त्री जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सिटी मांटेसरी स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रवि शुक्ल, संजीव कुमार, सुरेश चंद्र उपाध्याय, आनंद, राजेश सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती स्कूलों में भी धूमधाम से मनाई गई। नगर के पायनियर पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, जीसस एंड मैरी स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, डिवाइन पब्लिक स्कूल, एमपीपी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, वात्सल्य पब्लिक स्कूल, बालिका इंटर कॉलेज, बीएवी इंटर कॉलेज एवं माडर्न स्कूल में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया गया।
सूचना विभाग की तरफ से वीर विनय चौराहे पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें चित्रों के जरिये स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डाला गया। एमपीपी इंटर कॉलेज में ‘गांधी दर्शन की प्रासंगिकता’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन दर्शन पर आधारित भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता व लघु नाटिका का आयोजन किया गया।