बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले मतदान कार्मिकों को दूसरे दिन मंगलवार को भी पांच स्थानों पर प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन के प्रशिक्षण से बिना सूचना के नदारद 145 मतदान कार्मिकों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पहले दिन के प्रशिक्षण से गायब सभी मतदान कार्मिकों को 16 अप्रैल को एमएलके महाविद्यालय में बुलाया गया है। दूसरे दिन के प्रशिक्षण से नदारद कार्मिकों का ब्योरा जुटाकर बिना सूचना के गायब रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई का शिकंजा कसा जाएगा।
प्रभारी अधिकारी क्रामिक/ सीडीओ रिया केजरीवाल ने मंगलवार को बताया कि 12 अप्रैल को प्रशिक्षण से बिना सूचना के नदारद 145 मतदान कार्मिकों का 16 अप्रैल को एमएलके पीजी कॉलेज में प्रशिक्षण प्राप्त करने का फिर से मौका दिया गया है जिसमें न आने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई की जाएगी।
एमपीपी इंटर कॅालेज के 19 कमरों में 700 की तुलना में 39, सभागार में 100 की तुलना में 14, एमएलके पीजी कालेज सभागार में 250 की तुलना में 43, जिला पंचायत सभागार में 250 की तुलना में 26, होटल बलरामपुर में 250 की तुलना में 19 और यूपीटी होटल में 100 की तुलना में चार मतदान कार्मिक प्रशिक्षण से बिना सूचना के पहले दिन नदारद रहे है। दूसरे दिन भी इतनी ही संख्या में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
एमपीपी इंटर कॉलेज की सूचना डीएसटीओ संजीव कुमार, एमपीपी इंटर कॉलेज सभागार में सूचना अभियंता लघु सिंचाई अनिरुद्ध कुमार यादव, एमएलके पीजी कॉलेज सभागार की सूचना अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा सेल संतोष कुमार यादव, जिला पंचायत सभागार की डीपीओ केएम पांडेय, यूपीटी होटल हाल से अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी आलोक कुमार सिंह व होटल बलरामपुर हाल से कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर गोविंद पांडेय से दोनों पालियों की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर प्रशिक्षण से नदारद मतदान कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।