बलरामपुर। सामुदायिक शौचालयों के केयर टेकरों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताया। मानदेय बैंक खातों में भेजने और उत्पीड़न रोकने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक शिव नरायन सिंह को सौंपा।
आदर्श सामुदायिक शौचालय केयर टेकर वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष आरती ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में कम मानदेय से परिवार का खर्च चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हे। केयर टेकरों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये मानदेय दिया जाए। केयर टेकरों को नौ हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है जो कम है।
केयर टेकरों के मानदेय भुगतान में प्रधान व सचिव उत्पीड़न कर रहे हैं। उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए केयर टेकरों के बैंक खातों में मानदेय भुगतान किया जाए। केयर टेकरों को स्थायी किया जाए। आयुष्मान योजना का लाभ दिलाया जाए। नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाए।
हटाये गए केयर टेकरों को फिर से तैनाती दी जाए। बलाॅक अध्यक्ष सुरेश, पुष्पा, पूनम, राजकुमारी, लीला, राम कुमार, मनोज, अनीता, परशुराम, कर्ताराम, मालती देवी, रेनू व कन्यावती आदि ने धरने को संबोधित करके मुख्यमंत्री से सभी समस्याओं का जल्द निराकरण कराने की मांग की।