बलरामपुर। कस्बा बभनान थाना गौरा जिला बस्ती में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हन की बहन घायल हो गई। पुलिस ने बलरामपुर नगर निवासी भाजपा नेता समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया है। भाजपा नेता फरार है जबकि उनके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गोण्डा नगर निवासी जनार्दन प्रसाद गुप्त ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अर्चना की शादी बभनान जिला बस्ती निवासी प्रदीप कुमार के साथ 12 दिसंबर के दिन तय की थी। वैवाहिक कार्यक्रम कसौधन धर्मशाला बभनान में चल रहा था।
रविवार रात करीब 12 बजे वर पक्ष की ओर से आए मो. टेढ़ी बाजार बलरामपुर नगर निवासी भाजपा नेता मनीष तिवारी जो कि भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी भी हैं उनके साथ मोहल्ला बड़ा पुल बलरामपुर निवासी शरद गुप्ता कार्यक्रम में छोटे असलहे से हर्ष फायरिंग कर रहे थे।
जनार्दन के भाई विश्वनाथ ने हर्ष फायरिंग से रोका तो उन्हें पीटा भी गया। हर्ष फायरिंग के दौरान गोली दुल्हन की बहन शिफाली के पैर में लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम में हड़कंप मच गया।
जनार्दन का कहना है कि इसी बीच कमरे से डेढ़ लाख रुपये सहित एक बैग भी गायब हो गया है। शिफाली को जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक थाना गौर बस्ती संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मनीष तिवारी तथा शरद गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बलरामपुर में दबिश देकर शरद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मनीष तिवारी फरार है उनकी तलाश की जा रही है। घटना की पुष्टि बलरामपुर नगर कोतवाल संजय कुमार दूबे ने भी की है।