गैसड़ी। बानगढ़ पिपरी गांव के पास स्थित चित्तौड़गढ़ जलाशय में डूबे युवक का शव रविवार सुबह बरामद हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। डेढ़ साल पहले युवक के बड़े भाई की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।
भोजपुर संतरी निवासी मृतक के बाबा मोहम्मद अनीश ने बताया कि रहीम (18) शनिवार को अपने साथियों के साथ जलाशय में नहाने गया था। वह बैराज के पास छलांग लगाकर नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद साथी शोर मचाने लगे। सूचना पर स्थानीय लोगों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह करीब 11 बजे बैराज के पास रहीम का शव पानी में उतराता दिखाई दिया।
रहीम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसके बड़े भाई हलीम की मुंबई में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की मौत की खबर से मां कमर जहां, पिता सलीम, बहन आफरीन और भाई अलीम का रो-रोकर बुरा हाल है। सलीम ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।