फोटो-9-बलरामपुर में ठेले वाले को योजनाओं की जानकारी देते अधिकारी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जिले में 30 जून तक स्वनिधि महोत्सव अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सभी नगर निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन होगा। शहरी पथ विक्रेताओं और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं परियोजना निदेशक डूडा एसएन सिंह ने बताया कि अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पूर्व में लिए गए ऋण का समय से भुगतान करने वाले लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड सुविधा से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड वितरण, डिजिटल लेनदेन जागरूकता कार्यक्रम और वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही समय से ऋण चुकाने वाले, सर्वाधिक डिजिटल लेनदेन करने वाले और अपने व्यवसाय का सफल विस्तार करने वाले वेंडर्स को सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव में महिला और दिव्यांग वेंडर्स के अलावा उनके प्रतिभाशाली बच्चों को भी शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न बैंकों के सहयोग से विशेष ऋण शिविर लगाकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण के ऋण की स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।
डिजिटल लेनदेन से जुड़ेंगे व्यापारी
रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए डिजिटल लेनदेन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए व्यापारियों को विभिन्न बैंकों में खाता खोलवाने के साथ ही डिजिटल पेमेंट के लिए बार कोड उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला समन्वयक डूडा अखिलेश सिंह ने बताया कि छोटे कारोबारियों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से बार कोड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।