ललिया। शिवानगर गांव के पास पहाड़ी नाला धोबहा में डूबी 19 वर्षीय युवती का शव करीब 24 घंटे बाद रविवार को बरामद हुआ। मृतका की पहचान गांव निवासी हवलदार गुप्ता की बेटी शालिनी उर्फ उर्मिला गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने आधार कार्ड के आधार पर नाम और उम्र का सत्यापन किया।
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो धोबहा नाले के किनारे उसकी चप्पल मिली। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
रविवार सुबह करीब नौ बजे नाले में युवती का शव उतराता दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ ललिया डीके श्रीवास्तव ने बताया कि धोबहा नाले से युवती का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।