फोटो-27-प्राथमिक विद्यालय मोहकमपुर टीएलएम दिखाते विद्यार्थी।-स्रोत : विभाग
जरवा। गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मोहकमपुर में नो बैग डे पर विशेष शैक्षिक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में गणित विषय से संबंधित आकर्षक शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार की। बच्चों ने मॉडल बनाकर गणितीय अवधारणाओं को समझने का प्रयास किया।
टीएलएम निर्माण में कक्षा पांच के छात्र विकास कुमार और आर्यन तथा कक्षा चार के छात्र जयराम, अमृता और शाहिना ने सक्रिय भागीदारी की। बच्चों ने अपने हाथों से गणित के मॉडल तैयार किए। इस दौरान उनकी रचनात्मकता और विषय को समझने की क्षमता देखने को मिली।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन पांडेय ने कहा कि नो बैग डे का उद्देश्य बच्चों को बस्ते के बोझ से कुछ समय के लिए मुक्त कर गतिविधि आधारित शिक्षा से जोड़ना है। टीएलएम के माध्यम से बच्चे खेल-खेल में गणित की जटिल अवधारणाओं को आसानी से समझ सकते हैं। सहायक अध्यापक मोहम्मद कमाल और शिक्षामित्र लक्ष्मी देवी ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।
इस दौरान अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही रचनात्मकता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।