बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के संचालन की तैयारियां पूरी हो गई है। आधुनिक मशीन व उपकरणों से लैस इस यूनिट का संचालन शुरू करने के लिए आठ दिसंबर को दिल्ली से विशेषज्ञों की एक टीम निरीक्षण के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचेगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही यूनिट का संचालन शुरू होगा।
कोविड काल के दौरान कोरोना से पीड़ित मरीजों के इलाज में प्लाज्मा ट्रांसप्लांट की आवश्यकता को देखते हुए शासन ने सभी जिलों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के संचालन का निर्देश दिया था। इसके तहत ही संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित ब्लड बैंक के पास ही ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट भवन का निर्माण हुआ था। यूनिट का संचालन शुरू करने के लिए सभी मशीन और उपकरण उपलब्ध होने के साथ ही तकनीकी कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि यूनिट का संचालन शुरू करने के लिए लाइसेंस का आवेदन भी कर दिया गया है। लाइसेंस देने से पहले यूनिट की तैयारियों का जायजा लेने दिल्ली से विशेषज्ञ टीम आठ दिसंबर को यहां इंस्पेक्शन के लिए आ रही है। इंस्पेक्शन के बाद लाइसेंस मिलते ही यूनिट का संचालन शुरू हो जाएगा।
ब्लड बैंक प्रभारी सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि ब्लड सेपरेशन यूनिट में रक्त को परत-दर परत विभाजित किया जाता है। इससे रक्त से रेड ब्लड सेल (आरबीसी), व्हाइट ब्लड सेल (डब्ल्यूबीसी), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स अलग हो जाते हैं। इससे यूनिट रक्त से चार अलग-अलग कंपोनेंट तैयार होने से कई मरीजों को इसका फायदा मिल सकेगा।