बलरामपुर। कोषागार कर्मचारियों ने बुधवार को काली पट्टी बाधंकर विरोध जताया। कोषागार कर्मचारी संघ के बैनर तले 14 सितंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताने का एलान किया गया है। मांगें पूरी न होने से कोषागार कर्मियों में भारी आक्रोश है। कोषागार कर्मचारी संघ की तरफ से अंतिम दिन गेट मीटिंग के बाद मांगों के समर्थन में डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कोषागार कर्मचारी संघ के संरक्षक राजू कन्नौजिया, अध्यक्ष सुनील कुमार, मंत्री/सचिव मनीष कुमार जायसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीराम, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद मौर्या, संगठन मंत्री तफसीर अहमद व संप्रेक्षक गोविंद बहादुर सिंह आदि ने कहा कि वर्ष 1988-89 के निर्णय को निरस्त किए जाने के खिलाफ काफी दिनों से लड़ाई लड़ी जा रही है।
तीन दिसंबर 2004 को कोषागार लेखा संवर्ग को सचिवालय लेखा संवर्ग के समान किया गया था जिसे 13 सितंबर 2005 को निरस्त किया गया। प्रांतीय नेतृत्व की बैठक में छह सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करने का एलान किया गया।
प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर तीन सितंबर 2019 को बैठक कर जिला स्तर के आंदोलन को धार देने के लिए रणनीति तैयार की गई। 11 से 14 सितंबर तक काली पट्टी बांधकर दो घंटे कार्य बहिष्कार और शाम को गेट मीटिंग कर विरोध जताया जाएगा।
गेट मीटिंग के बाद अंतिम दिन डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। 16 सितंबर को प्रांतीय नेतृत्व की तरफ से लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। 17 से 19 सिंतबर तक कोषागार के कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 20 सितंबर को अग्रिम आंदोलन की घोषणा की जाएगी।