गैसड़ी। बकौली डालपुर तिराहे के पास भांभर नाले के निकट बुधवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में साइकिल सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। बाइक चालक को भी गंभीर चोट आई है। घायलों का इलाज सीएचसी गैसड़ी में चल रहा है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत सड़वा (गुलहरिया) निवासी बड़कऊ चौहान (40) अपनी पत्नी मालती (38) के साथ साइकिल से पचपेड़वा की ओर जा रहे थे। दोनों विकासखंड पचपेड़वा के ग्राम पंचायत रामनगर स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। दोनों बाजार से सामान लेकर वापस भट्ठे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-730 पर बकौली डालपुर तिराहा के पास भाभर नाले के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में मालती, बड़कऊ और बाइक सवार श्याम नारायण तिवारी निवासी सकल्दा थाना पचपेड़वा को गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने मालती चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज हो रहा है।
ग्राम प्रधान सकल्दा अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि बाइक चालक श्याम नारायण तिवारी विकासखंड गैसड़ी के भोजपुर थारू स्थित होम्योपैथिक अस्पताल में वार्डबॉय हैं। वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर सकल्दा लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।