फोटो-23-बलरामपुर के पचपेड़वा क्षेत्र का भग्गौर-बंसतपुर पीडब्ल्यूडी मार्ग पर प्रदर्शन करते ग्राम
गैसड़ी। विकासखंड पचपेड़वा क्षेत्र का भग्गौर-बंसतपुर पीडब्ल्यूडी मार्ग करीब दो दशक से बदहाली का दंश झेल रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नाराज ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल हाशिर हबीब खान, इरशाद अहमद, मुकीम अहमद, अब्दुल वहीद, शकील अहमद, नदीम खान, प्रदीप जाटव और सुरेश आदि ने मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि भग्गौर-बंसतपुर मार्ग मदरहवा कला, रमवापुर, विशुनपुर, टंटनवा समेत आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं स्कूल, किसान मंडी और मरीज अस्पताल पहुंचते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है और आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते हैं। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से जल्द सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।