बलरामपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिले में गैर जनपद से आए खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को विभिन्न शिक्षा क्षेत्रों में तैनाती दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है। इससे पहले शासन स्तर से जिले में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत बीईओ का स्थानांतरण किया गया था।
बीएसए ने बताया कि गैर जनपद से स्थानांतरण पर जिले में आए बीईओ धर्मेंद्र पाल को श्रीदत्तगंज, हेमलता त्रिपाठी को हरैया सतघरवा, डाली मिश्रा को रेहरा बाजार और जगन्नाथ यादव को पचपेड़वा ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अशोक कुमार सिंह को मुख्यालय के साथ बलरामपुर व उतरौला शहर क्षेत्र का दायित्व दिया गया है। विजय कुमार ओझा को गैंडास बुजुर्ग, संतोष कुमार शुक्ला को गैसड़ी तथा सुशील कुमार त्रिपाठी को बलरामपुर देहात में तैनाती दी गई है। इससे पूर्व जिले में आए बीईओ राम नारायण को तुलसीपुर एवं श्याम बिहारी को उतरौला शिक्षा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। बीएसए ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की तरफ से जारी निर्देशों के अनुपालन में यह कार्यवाही की गई है।