फोटो-4-बलरामपुर में डीएम को ज्ञापन सौंपते ग्राम प्रधान।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। ग्राम प्रधानों ने हरैया सतघरवा ब्लॉक के बीडीओ पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधानों ने डीएम व सीडीओ को ज्ञापन सौंपकर बीडीओ के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ के खिलाफ शीघ्र जांच व कार्रवाई न होने पर ग्राम प्रधानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। सीडीओ ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का ग्राम प्रधानों को आश्वासन दिया है। वहीं, बीडीओ ने प्रधानों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
अखिल भारतीय पंचायत परिषद के जिलाध्यक्ष शांतिभूषण शुक्ल के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने डीएम व सीडीओ को बीते दिन ज्ञापन सौंपा। हरैया सतघरवा ब्लॉक के अध्यक्ष राहुल तिवारी, जगदीश प्रसाद व शिवप्रसाद यादव आदि ने बीडीओ पर आरोप लगाया कि प्रधानों से प्रति पत्रावली पर बीडीओ रकम मांगते हैं। मुंहमांगी रकम न देने पर गांवों के विकास कार्य में खर्च होने वाले धनराशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। हरैया सतघरवा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में पक्के कार्यों का भुगतान काफी दिनों से अटका है। सामग्री अंश का भुगतान न होने से ग्राम प्रधानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का समाधान कराने के लिए जब प्रधानों ने डीएम श्रुति को ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने सीडीओ को अवगत कराने का सुझाव दिया।
ग्राम प्रधानों ने सीडीओ को भी ज्ञापन सौंपा। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने ग्राम प्रधानों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपते समय शशिकांत त्रिपाठी, घनश्याम, राम गोपाल, राघवराम पांडेय, वीरेंद्र, ओमकार नाथ, सुधा सिंह, उर्मिला, अनुराधा, ननकू, दिनेश कुमार, विनय कुमार सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे। उधर, बीडीओ राम निवास वर्मा ने ग्राम प्रधानों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। (संवाद)